लखनऊ: राजधानी लखनऊ में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर का खौफनाक वीडियो सामने आया है। वारदात में आरएसएस नेता शिवा तिवारी, उनके बेटे सुयश और भाई शिवेंद्र को ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया गया था। वीडियो में दिख रहा है कि हत्यारा ऋषभ शुक्ला पहले आरएसएस नेता के बेटे सुयश को गोली मारता है। पिता शिवा तिवारी बेटे को बचाने आते हैं तो उनके सिर में गोली मार देता है। शिवा के गिरने पर दो और गोलियां मारता है। पिस्टल खाली हो जाती है तो दोबारा मैगजीन लोड करता है। शिवा के भाई शिवेंद्र आते हैं तो उन्हें भी गोलियां मारता है। इस दौरान शिवा तिवारी की बेटी और अन्य महिलाएं चीखती चिल्लाती रहती हैं। आसपास के कुछ लोग जब गोली से घायल लोगों को उठाने आते हैं तो उन्हें भी पिस्टल दिखाकर धमकाता है। तीन लोगों की हत्या का यह लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल पूरा विवाद शिवा तिवारी और पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच पेड़ का चबूतरा बनाने और वहां कार खड़ी करने को लेकर हुआ था। सबसे पहले शिवा के बेटे सुयश और ऋषभ के बीच विवाद और मारपीट होती है। इसके बाद ऋषभ गोलीबारी शुरू कर देता है। वह पहले से ही पिस्टल लेकर आया था। साफ दिख रहा है कि उसके सिर पर खून सवार था।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि सबसे पहले ऋषभ कार के पास सुयश से भिड़ा। सुयश को कार के पास गिरा दिया और पेट में गोली मार दी। सुयश को तड़पता देख शिवाजी बचाने दौड़े तो उनके सिर में गोली दाग दी। गिरकर तड़प रहे शिवाजी को के पास पहुंचकर फिर गोली मार कर भेजा उड़ा देता है। शिवाजी के भाई शिवेंद्र पहुंचे तो ऋषभ ने उन्हें भी गोली मार दी। दूसरी बार गोली मारने के लिए ऋषभ ने फिर पिस्टल तानी तो शिवेंद्र की बेटी सुमेधा चीखने लगी। इसके बाद भी शिवेंद्र को दूसरी गोली मारी। इसके बाद ऋषभ जोर-जोर से चीखता है।
पिता, चाचा और भाई को पिटते देख सुमेधा चीखते हुए भागकर मंदिर के पास पहुंची थी। वीडियो में दिख रहा है कि ऋषभ की बहन ने शिवेंद्र को डंडा मारा वह गिर गए। इसके बाद ऋषभ पिस्टल लेकर दौड़कर पहुंचा। उसने शिवेंद्र को गोली मारी। सुमेधा उसके आगे हाथ जोड़कर जान की भीख मांग रही थी। इसके बाद भी ऋषभ नहीं माना उसने दूसरा फायर शिवेंद्र पर झोंका और फिर वापस शिवाजी के पास आ गया। उन्हें देखा और फिर आगे बढ़ गया।
गोलीकांड का दिल दहला देने वाला वीडियो 2 मिनट 56 सेकेंड का है। वीडियो में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर ऋषभ एक मैगजीन खाली कर देता था। इसके बाद दूसरी मैगजीन पिस्टल में लोड की। फिर उससे ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। तीनों की मौत के बाद ऋषभ अपने घर की ओर मुड़ता है। वह जोर से चीखता और चिल्लाता है।
विवाद शुरू होता है तो ऋषभ और सुयश की हाथापाई होती है तो आस पड़ोस में मोहल्ले वाले खड़े दिखते हैं। इसके बाद जैसे ही ऋषभ गोलियां तड़तड़ाने लगता है मोहल्ले वाले भाग खड़े हुए। मौके पर सिर्फ सुमेधा और तीनों के शव और ऋषभ के पिता व बहने खड़ी दिख रही हैं।
एक अन्य वीडियो भी वायरल हो रहा है। यह वीडियो 2 मिनट 35 सेकेंड का है। उसमें सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हिम्मत जुटाकर ऋषभ को पकड़ लिया। ऋषभ के पकड़े जाने के बाद मोहल्ले वाले जुटे थे। फिर सिपाही और दारोगा ऋषभ उसकी बहनों, पिता और चाचा को पकड़कर थाने ले गए।
Tags: