Hamirpur. हमीरपुर। जिला में जारी हुई जिला परिषद वार्डों की सूची के उपरांत हमीरपुर ब्लॉक में बनाए गए दो वार्डों को लेकर लोगों ने आपत्ति जाहिर की है। लोग अपनी मांग को लेकर गुरूवार के दिन एडीसी हमीरपुर से मिले। लोगों का कहना है कि ताल वार्ड में 21 पंचायतों को शामिल कर दिया गया है तथा यह सबसे बड़ा जिला परिषद वार्ड बनाया गया है। पुनर्गठन के उपरांत हमीरपुर जिला में 18 जिला परिषद वार्ड बनाए गए हैं, जिनमें यह वार्ड सबसे बड़ा है। चार विधानसभा क्षेत्रों में चार-चार जिला परिषद वार्ड हैं, जबकि हमीरपुर विधानसभा में दो ही बनाए गए हैं। इनमें जंगलरोपा तथा ताल वार्ड बनाया गया है। जंगलरोपा वार्ड में 12 पंचायतों को शामिल किया गया है, जबकि ताल में 21 पंचायतें डाल दी गई है। ऐसे में भूगौलिक, जनसंख्या तथा विकास की दृष्टि से यह सही नहीं है। ताल वार्ड को विभाजित कर चमनेड को अलग वार्ड बना दिया जाए।
एक वार्ड में 11 जबकि दूसरे में 10 पंचायतों को डाला जाए। लोगों ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार ताल वार्ड में शामिल 21 पंचायतों की जनसंख्या 32,775 है। इतनी जनसं या जिला परिषद के किसी भी वार्ड की नहीं है। हमीरपुर विधानसभा में जंगलरोपा, ताल व चमनेड वार्ड बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो जनता कोई दूसरा रुख इख्तियार करेगी। समाजसेवी बलदेव धीमान ने बताया कि वर्ष 2011 की जनसं या के आधार पर ताल वार्ड में शामिल 21 पंचायतों की जनसंख्या 32775 है। यदि वर्तमान हालत की बात की जाए, तो यह जनसंख्या बढक़र 40 हजार के पार हो चुकी होगी। ऐसे में एक वार्ड में इतनी जनसंख्या होने से विकास के कार्य प्रभावित होंगे। लोगों ने प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया है कि जिला में 18 जिला परिषद वार्ड की जगह 19 वार्ड कर दिए जाएं।