Chamba. चंबा। जिला चंबा में ग्रामीण संसद के चुनावों के पहले चरण में मंगलवार 26 मई को 118 पंचायतों में होने वाली मतदान प्रक्रिया के लिए पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री सहित अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों को रवाना कर दिया गया है। मतदान प्रक्रिया के पहले चरण में विकासखंड भरमौर की 16, मैहला की 17, चंबा की 16, भटियात की 24, सलूणी की 16 तथा तीसा विकास खंड की 19 सहित पांगी विकास खंड की 10 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेप्सवाल ने दी।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि 118 ग्राम पंचायतों के तहत 676 वार्ड, 18 जिला परिषद वार्ड तथा 46 पंचायत समिति वार्ड के लिए भी मतदान होगा। डीसी ने बताया कि सभी मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया के सफल संचालन को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। उपायुक्त ने मतदाताओं से बिना किसी भेदभाव एवं प्रलोभन के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया है। साथ में उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ-चढक़र भागेदारी सुनिश्चित बनाने का भी आह्वान किया है।