भीड़ में चेन स्नैचिंग, 9 महीने की बच्ची को बनाया निशाना
इलाके में हड़कंप.
नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला जिला मुख्यालय स्थित धनेश्वर घाट हनुमान मंदिर के पास का है. यहां एक महिला बच्चों के साथ जा रही थी, उसकी गोद में 9 महीने की बच्ची थी. एक बदमाश बच्ची के गले से चेन छीनकर फरार हो गया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम की है. यहां रहने वाले अनीश वर्मा की मां अपने पोते और पोती को लेकर मंदिर में पूजा करने गई थीं. पूजा करके जब वह वापस लौट रही थीं, तभी पहले से घात लगाए बैठे एक बदमाश ने पीछे से आकर झपट्टा मारा और बच्ची के गले की चेन लूटकर फरार हो गया. यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बदमाश पूरी प्लानिंग के साथ पहले से मौके पर घात लगाए बैठा था. जैसे ही महिला मंदिर से बाहर निकली और बच्ची को गोद में लेकर सड़क पर जाने लगी, वैसे ही बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया और तेजी से भाग निकला. सबसे हैरानी की बात यह है कि चेन स्नैचिंग का शिकार इस बार एक 9 महीने की मासूम बच्ची बनी.
इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है. लोगों का कहना है कि बिहारशरीफ में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त करे, ताकि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.