BREAKING: एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के शक में पत्नी की हत्या, फ्रिज से बरामद हुआ सिर
एक्स्ट्रा मैरिटल अ
Guwahati गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति रामानुजन गोस्वामी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय रिया तालुकदार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रिया तालुकदार नूनमती क्षेत्र की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। बताया जा रहा है कि रिया के माता-पिता नहीं हैं और परिवार में उसका एक भाई है।
पुलिस के अनुसार, घटना हाटीगांव के बसीस्थपुर बायलैन इलाके की है। पड़ोसियों को घर से दुर्गंध आने का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घर की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर रिया का शव मिला। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और पति रामानुजन गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच रिश्तों को लेकर तनाव चल रहा था। शुरुआती जांच में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को विवाद की एक वजह बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला की हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले किए जाने की आशंका है। जांच टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत से जुड़े कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए पति से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।