Bengal. बंगाल। हावड़ा रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने एक यात्री को 67 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा है। यात्री कैश के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी सुजीत काले के रूप में हुई है। रविवार रात RPF के जवान हावड़ा स्टेशन के न्यू कॉम्प्लेक्स इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
RPF जवानों ने सुजीत काले से पूछताछ की, लेकिन उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से नोटों के कई बंडल मिले। गिनती करने पर उसमें करीब 67 लाख रुपये नकद पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, सुजीत काले ने पूछताछ में बताया कि वह गया टाउनशिप इलाके में दुकान चलाता है और मुंबई मेल से हावड़ा पहुंचा था। उसने दावा किया कि वह कोलकाता के बुर्राबाजार इलाके से सोना और चांदी खरीदने के लिए पैसे लेकर आया था।
हालांकि, RPF अधिकारियों ने बताया कि यात्री नकदी के संबंध में कोई ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर सका और न ही रकम के वास्तविक स्रोत की जानकारी दे पाया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई। सूत्रों के अनुसार, बरामद नकदी और आरोपी को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंपा जाएगा। आयकर विभाग अब यह पता लगाने का प्रयास करेगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्गा पूजा के त्योहार को देखते हुए रेलवे और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। इसके अलावा आगामी उपचुनावों को देखते हुए बड़ी मात्रा में नकदी के आवागमन पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। चुनावी क्षेत्रों में कैश ट्रांसफर रोकने के लिए हाईवे और अन्य प्रमुख स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
Tags: