बठिंडा। पंजाब में नशा तस्करी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। बठिंडा में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पिछले 10 से 12 वर्षों में सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने में विफल रही है। उन्होंने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।


सीमा पार से नशा तस्करी रोकने पर उठाए सवाल
सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र में भाजपा लंबे समय से सत्ता में है, लेकिन सरकार यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि सीमा पार से आने वाले नशीले पदार्थों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।उन्होंने कहा कि पहले सीमा से 15 किलोमीटर तक का क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल के अधिकार क्षेत्र में था, जिसे बढ़ाकर 50 किलोमीटर कर दिया गया है। इसके बावजूद नशा तस्करी जारी रहने का आरोप उन्होंने लगाया।
नशे की कमाई से अवैध हथियार फैलने का आरोप
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि नशीले पदार्थों के कारोबार से प्राप्त धन का इस्तेमाल पंजाब में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में केंद्रीय एजेंसियों की मौजूदगी के बावजूद तस्करी पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है।
‘अब बैठकों का नहीं, परिणाम देने का समय’
सचिन पायलट ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक कई बैठकें कर चुकी है, लेकिन जनता को ठोस परिणाम चाहिए। पायलट के अनुसार, चुनाव नजदीक आने के बाद केवल समीक्षा बैठकें करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले ही अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए थीं। उन्होंने नैतिक आधार पर सरकार के सत्ता में बने रहने पर भी सवाल उठाए।
नशे के मुद्दे पर केंद्र और राज्य में आरोप-प्रत्यारोप
पंजाब में नशा तस्करी को लेकर राजनीतिक विवाद तेज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में नशे और संगठित अपराध पर चिंता जताते हुए पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीमा पार तस्करी रोकने की जिम्मेदारी केंद्र की बताई है।
Tags: