Rajgarh. राजगढ़। सनोरा मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब शिलाई से सोलन होते हुए शिमला की ओर जा रही जीत कोच बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस के अनियंत्रित होते ही यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ, धैर्य और साहस का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे सुरक्षित दिशा में मोड़ दिया, जिससे बस गहरी खाई में गिरने से बच गई। हादसे के समय बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के कारण कुछ समय तक राजगढ़–सनोरा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने चालक की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उसकी समझदारी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।