Daulatpur Chowk. दौलतपुर चौक। उपमंडल गगरेट के अंबोआ गांव में चार दिन से लापता 26 वर्षीय युवती वैशाली का शव गुरुवार सुबह उसके घर से कुछ ही दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिस घर में दो माह बाद शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से गहन जांच शुरू कर दी है। वैशाली की शादी दो माह बाद तय थी। युवती के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।
पुलिस ने पहले गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर बुधवार को अपहरण का मामला भी दर्ज कर लिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे तकनीकी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रीजनल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (आरएफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।