सरयू नदी में डूबी नाव, 13 लोग थे सवार

रेस्क्यू अभियान जारी

Update: 2024-04-30 17:14 GMT
गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बड़हलगंज के मदरहां घाट पर सरयू नदी में मंगलवार को नाव डूब गई। नाव में कुल 13 लोग सवार थे जिसमें से नाविक सहित तीन महिला डूब गईं अन्य आठ को स्थानीय लोगों ने बचा लिया। डूबने वाले में एक महिला की लाश मिली है जबकि नाविक और दो अन्य महिला की तलाश जारी है। सभी लोग सेहरा चढ़ाने नदी के पार जा रहे थे। सूचना पर पहुंची बड़हलगंज पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूबे हुए लोगों की तलाश शुरू करा दी है। वहीं, बचाए गए आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए बड़हलगंज ले जाया गया है।

मदरहां के रहने वाले अजय साहनी की 28 अप्रैल को आजमगढ़ के अजमतगढ़ में शादी हुई है। शादी के बाद सेहरा चढ़ाने की परिवारवालों ने मनौती मान रखी थी। रविवार को घर और गांव के साथ ही रिश्तेदारी में आई महिलाएं और पुरुष मदरहां घाट पर मनौती पूरी करने पहुंचे। नदी के इस तरफ सेहरा चढ़ाने के बाद दूसरी तरफ चढ़ाने के लिए नाव से वे लोग जा रहे थे। मदरहां गांव के अच्छेलाल साहनी का बेटा 19 वर्षीय शिवम नाव चला रहा था। उस पर करीब 13 लोग सवार हो गए थे। बताया जा रहा है कि नाव बीच धारा में जैसे ही पहुंची डूबने लगी। नाव में कहीं से पानी भरने लगा।

यह देख नाव में सवार लोगों ने चीख पुकार मचानी शुरू कर दी। देखते देखते पूरी नाव सरयू नदी में समा गई। उधर, चीख पुकार सुनकर घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने नाव में सवार लोगों को बचाना नदी में कूद गए। बताया जा रहा है कि घाट पर मौजूद लोगों ने नाव में सवार आठ लोगों को बचा लिया। हालांकि नाविक शिवम सहित चार लोग पानी में डूब गए। डूबने वालों में शिवम के अलावा दूल्हे अजय साहनी की भाभी गुड़िया (32) गांव की महिला तिनका देवी पत्नी हरिश्चंद्र साहनी और रिश्तेदारी में आई एक महिला शामिल है। ग्रामीणों ने गुड़िया का शव बरामद कर लिया है जबकि अन्य लापता हैं। गुड़िया तीन बच्चों की मां थी। सबसे बड़ा सात साल का बेटा कुंज है तो वहीं पांच साल की बेटी दिव्या और एक छह महीने का बेटा है। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम छा गया है वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
Tags:    

Similar News