सरूरपुर के डाहर गांव में शुक्रवार रात साढे़ आठ बजे सालिम उर्फ मन्नू (25) की जूनियर हाई स्कूल के मैदान कुछ लोगों ने चाकू से गोदकर और पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय वह घूमने गया था। हत्या का कारण बकरीद पर हुआ झगड़ा बताया गया है। कत्ल की वारदात से गांव में तनाव का माहौल हो गया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करते हुए शव नहीं उठने दिया। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मौके पर जाकर जानकारी ली। पुलिस ने दो आरोपियों शाहरुख व गुलजार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव डाहर निवासी शहजाद ने पुलिस को बताया कि मजदूरी करने वाला उसका बड़ा बेटा सालिम शुक्रवार रात आठ बजे खाना खाने के बाद घर से 200 मीटर दूर जूनियर हाई स्कूल के मैदान में घूमने गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे घूमने के बाद सालिम बेंच पर बैठ गया। आरोप है कि इसी बीच शाहरुख और गुलजार अपने साथियों के साथ बाइक से वहां पहुंचे।

आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सालिम के गले, छाती व मुंह पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद हमलावरों ने सालिम के पेट में गोली मारकर हत्या कर दी। 

Tags: