टोल चोरी पर सख्ती, लगेगा 8 गुना जुर्माना! सरकार का बड़ा प्लान
हाईवे पर टोल चोरी रोकने के लिए AI की मदद लेगी सरकार
दिल्ली। देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल टैक्स चोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। अब वाहन की नंबर प्लेट छिपाकर या उससे छेड़छाड़ करके टोल टैक्स बचाने वालों को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ऐसे वाहन चालकों से सामान्य टोल शुल्क का चार से आठ गुना तक अतिरिक्त शुल्क वसूलने की योजना बना रही है।
दरअसल, देश में बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस व्यवस्था में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक तकनीक की मदद से टोल शुल्क अपने आप वसूला जाएगा। हालांकि, कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट पर कपड़ा लगाकर या धूल-मिट्टी से नंबर छिपाकर टोल भुगतान से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
इस समस्या से निपटने के लिए सड़क परिवहन मंत्रालय ने नेशनल हाईवे फीस रूल्स में बदलाव की तैयारी शुरू की है। प्रस्ताव के अनुसार, नंबर प्लेट से जानबूझकर छेड़छाड़ करने वाले वाहन मालिकों पर सामान्य टोल से चार से आठ गुना तक शुल्क लगाया जा सकता है।
सरकार ऐसे वाहनों की पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का इस्तेमाल करने की भी तैयारी कर रही है। यह तकनीक टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की तस्वीरों और अन्य जानकारियों का विश्लेषण करके संदिग्ध वाहनों की पहचान करेगी। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ के मामले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई राज्य परिवहन विभाग करेगा, जबकि अतिरिक्त टोल शुल्क वसूलने की जिम्मेदारी NHAI जैसी हाईवे अथॉरिटी को दी जा सकती है।