NVIDIA को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने कही बड़ी बात...हुआंग के नेतृत्व की जरूरत
NVIDIA को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने कही बड़ी बात
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने NVIDIA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर जेन्सेन हुआंग की कथित वापसी का स्वागत किया है। ट्रम्प के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर साझा किए गए एक बयान में NVIDIA के निदेशक मंडल के फैसले को सही और उचित बताया गया है। हालांकि, इस पोस्ट और पुनर्बहाली की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
साझा किए गए बयान के अनुसार, ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका को NVIDIA में जेन्सेन हुआंग के नेतृत्व की जरूरत है, ताकि कंपनी के साथ-साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि सुनिश्चित की जा सके। बयान में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों पर भी टिप्पणी की गई है। ट्रम्प के हवाले से कहा गया कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि जेन्सेन हुआंग की NVIDIA में वापसी से देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पैदा होगा।
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि सरकार के पास हुआंग के किसी गैरकानूनी कार्य में शामिल होने का कोई सबूत नहीं है। ट्रम्प ने व्यक्तिगत तौर पर जेन्सेन हुआंग की प्रशंसा करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त और अमेरिका की अमूल्य धरोहर बताया।
इसके साथ ही बयान में NVIDIA को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के अनुपालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच जारी रखने की सलाह दी गई है। इसमें कहा गया कि कंपनी को अपनी कानूनी जिम्मेदारियां पूरी करने के साथ अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा भी सुनिश्चित करनी चाहिए। अंत में ट्रम्प ने जेन्सेन हुआंग, NVIDIA बोर्ड, अमेरिकी नागरिकों और दुनिया भर के लोगों को बधाई दी।