Solan. सोलन। परवाणू नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान बेहद रोचक स्थिति देखने को मिली। दोनों पदों के लिए मतदान में भाजपा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बराबर-बराबर 5-5 वोट मिले। मतों की बराबरी होने के बाद नियमानुसार पर्ची के माध्यम से विजेता का फैसला किया गया। पर्ची के जरिए हुए निर्णय में भाजपा के ठाकुर दास नगर परिषद परवाणू के अध्यक्ष चुने गए।
जबकि कांग्रेस के मोहन लाल आजाद उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस तरह नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद अलग-अलग दलों के खाते में जाने से मिली-जुली सरकार का गठन हुआ। चुनाव परिणाम के बाद दोनों दलों के समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। यह चुनाव बराबरी के मतों और पर्ची से हुए ऐतिहासिक फैसले के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।