भ्रष्टाचार के मुद्दे पर झारखंड विधानसभा में भाजपा का प्रदर्शन, सरकार से मांगा इस्तीफा

Update: 2023-03-02 10:20 GMT

फाइल फोटो

रांची (आईएएनएस)| झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने झारखंड में भ्रष्टाचार को लेकर सदन के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। उन्होंने 'भ्रष्ट सरकार इस्तीफा दो', 'खदान को लूटने वाली सरकार' इस्तीफा दो के नारे लगाए। विधायक अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड पहला राज्य है, जहां मुख्यमंत्री समेत उनके मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। झूठे वादों के बल पर सत्ता में आई यह सरकार जनता के कल्याण की जगह अपनी जेब भरने में लगी हुई है। नियोजन नीति का नहीं बनना, स्थानीय नीति पर जनता को गुमराह करना इस सरकार की नियति है।
राजमहल के विधायक अनंत ओझा ने कहा कि हेमन्त सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण पर काम कर रही है। संथाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा लगातार कुकृत्य किये जा रहे हैं, लेकिन ये सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। बोकारो के विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि राज्य में असुरक्षा का माहौल है। डॉक्टर हड़ताल पर हैं। सरकार को इसकी सुध नहीं है। राज्य के युवा रोजगार के लिए तरस रहे हैं लेकिन यह सरकार न तो नियोजन नीति बना रही है और न ही स्थानीय नीति। ऐसी सरकार को एक मिनट भी गद्दी पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
Tags:    

Similar News

-->