हिमाचल सरकार के खिलाफ आक्रामक हो जाएं भाजपा नेता

Update: 2025-06-03 10:06 GMT
Solan. सोलन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी पार्टी के शीर्ष नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिज्ञ हो, तो उसी अग्रेशन में आकर प्रदर्शन करो। वह सोमवार को भाजपा की सोलन में आहूत कोर कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बंद कमरे में संपन्न बैठक में मीडिया से लेकर भाजपा के आम कार्यकर्ताओं को भी दूर रखा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में काफी कुछ घटित हो रहा है, जिसको लेकर भाजपा को आक्रामक रूप से प्रदर्शन करना चाहिए। नड्डा ने नेताओं से इस वर्ष होने वाले आगामी पंचायतीराज चुनाव व विधानसभा चुनावों को लेकर कमर कसने को भी कहा। हालांकि उन्होंने कुछ मुद्दों पर भाजपा संगठन की पीठ भी थपथपाई। सोलन में निकाली गई तिरंगा सम्मान यात्रा के बाद जेपी नड्डा ने प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत दी कि आप सभी को राजनीतिज्ञों की तरह व्यवहार करते हुए पूरे जोश के साथ मैदान में उतरना चाहिए। वर्तमान कांग्रेस सरकार की कमियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी कुंद पड़ी धार को तेज करें। नड्डा ने कहा कि पंचायतीराज चुनाव को लेकर कमर कस लें और आने वाले समय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष इसको लेकर टोलियों का गठन भी करें। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की पीएम मोदी सरकार अपने 11 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार इस अवसर पर मोदी सरकार के 11 साल संकल्प से सिद्धि तक पर विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम किए जाएंगे। प्रत्येक मंडल पर विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की
जाएगी।

विकसित भारत के लिए संकल्प लिए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि शहरों, मोहल्लों, ग्राम पंचायत केंद्रों में पंचायत चौपाल आयोजित की जाए तथा वहां विकसित भारत का संकल्प भी लिया जाए। इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए पंजीकरण शिविर लगाए जाएं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना का पंजीकरण 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे। उन्होंने कहा कि पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण तथा बीज प्रत्यारोपण का अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर 15 जून से 20 जून तक सभी मंडलों में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं और 21 जून को प्रत्येक मंडल में कम से कम एक गैर-राजनीतिक योग दिवस समारोह भी आयोजित किया जाए। श्री नड्डा ने कहा कि यह वर्ष श्रीमती इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल का 50वां वर्ष है। देश की स्मृति में क्रूरता और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का काला अध्याय आज भी ताजा है। इस मौके पर प्रत्येक जिला में सेमिनार का आयोजन हो, जिसमें कई वक्ता वक्तव्य रखें तथा लोकतंत्र सेनानी के सम्मान का कार्यक्रम प्रत्येक जिला में आयोजित किया जाए। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद हर्ष महाजन, सदस्य विपिन परमार, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल, त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा, डा. सिकंदर कुमार, डा. राजीव सहजल, सुरेश कश्यप, सतपाल सत्ती, रणधीर शर्मा उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News