Hospice. धर्मशाला। कांगड़ा एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार की जद में आने वाले तीन प्राथमिक स्कूलों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। इच्छी, गगल और रछियालू के प्राथमिक स्कूलों को स्थानांतरित करने के लिए शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। सरकार से निर्देश मिलने के बाद ही स्कूलों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू होगी। यह जानकारी डिप्टी डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन एलिमेंट्री बलविंदर सिंह गुलेरिया ने दी। बलविंदर सिंह गुलेरिया ने बताया कि एयरपोर्ट की प्रस्तावित साइट के दायरे में तीन प्राथमिक स्कूल आ रहे हैं। विभाग की ओर से इन स्कूलों को ऐसी जगह शिफ्ट करने की योजना बनाई जा रही है, जहां एयरपोर्ट की बाउंड्री का प्रभाव न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके। इसके लिए तीनों स्कूलों का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छी प्राथमिक स्कूल को करीब 500 से 600 मीटर दूर स्थित बल्ला मटौर स्कूल में शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है। बल्ला मटौर स्कूल की बिल्डिंग अच्छी है और वहां बाउंड्री भी बनी हुई है। ऐसे में इच्छी स्कूल के विद्यार्थियों को वहां स्थानांतरित करने की संभावना देखी जा रही है।
Tags: