Delhi दिल्ली: भारतीय रेलवे ने यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने अपनी ही इकाई IRCTC पर जुर्माना लगाया है, वहीं संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का भारी दंड लगाते हुए उसका कॉन्ट्रैक्ट भी समाप्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में खराब और मानकों के अनुरूप न होने वाले खाने की बात कही गई थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, भोजन आपूर्ति करने वाले संबंधित सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का दंड लगाया गया और उसका अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खाने की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और सख्ती और बढ़ाई जाएगी।
गौरतलब है कि भारतीय रेलवे के विशाल नेटवर्क में IRCTC के माध्यम से प्रतिदिन 15 लाख से अधिक यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में गुणवत्ता बनाए रखना एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस कार्रवाई को यात्रियों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे भविष्य में सेवाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags: