Shimla. शिमला। राजधानी के प्रतिष्ठित ऑकलैंड हाउस स्कूल ने शुक्रवार को अपना 160वां स्थापना दिवस भव्य एलुमनाई मीट और विरासत समारोह के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर देश-विदेश से पहुंचीं पूर्व छात्राओं ने विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादों को साझा करते हुए संस्थान की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मनाया। पूरे परिसर में अपनत्व, उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव का विशेष माहौल देखने को मिला। कार्यक्रमम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यालय के समृद्ध इतिहास और मूल्यों को याद किया गया। इसके बाद विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समर्पित स्मारक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। साथ ही विद्यालय की ऐतिहासिक यात्रा, उल्लेखनीय उपलब्धियों और पूर्व छात्राओं की स्मृतियों पर आधारित एक विशेष पॉडकास्ट भी प्रस्तुत किया गया।
समारोह के दौरान विद्यालय की विरासत को समर्पित विशेष डाक आवरण भी जारी किया गया, जिसने कार्यक्रम को और खास बना दिया। समारोह का सबसे विशेष आकर्षण विद्यालय के ऐतिहासिक ‘ओल्ड हॉल’ का पुन: उद्घाटन रहा। यह हॉल वर्षों से विद्यालय की पहचान और पूर्व छात्राओं की भावनाओं से जुड़ा रहा है। इसके अलावा ‘प्लांटिंग मेमोरीज एंड ग्रोइंग द फ्यूचर’ थीम के तहत पूर्व छात्राओं ने विद्यालय परिसर में 160 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के डाइनिंग हॉल में सामूहिक लंच आयोजित किया गया। वहीं कक्षा 12 की छात्राओं और पूर्व छात्राओं के बीच मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताएं भी हुईं। समारोह की अध्यक्षता मनोज चरण ने की। उन्होंने विद्यालय द्वारा शिक्षा, संस्कार और परंपराओं को सहेजने के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, डॉ. अमरीन कौर, माइकल जॉन और रूबेन जॉन भी मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या स्मारकी स्मांतराय ने कहा कि यह आयोजन केवल एलुमनाई मीट नहीं, बल्कि साझा स्मृतियों और आजीवन रिश्तों का उत्सव है।