डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करंजिया क्षेत्र के गोपालपुर चौकी अंतर्गत झनकी गांव में साप्ताहिक बाजार के दौरान तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने हादसे के बाद कार में आग लगा दी। इससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
साप्ताहिक बाजार में खरीदारी कर रहे लोगों को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को झनकी गांव में साप्ताहिक बाजार लगा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ईको कार अचानक अनियंत्रित होकर बाजार में घुस गई और पांच लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार एक दुकान को भी क्षतिग्रस्त करते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में सहजना गांव निवासी 28 वर्षीय उत्तम धुर्वे की मौके पर मौत हो गई।
चार घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में पुरुषोत्तम लाल, विवेक, नरबद और जनक घायल हुए हैं। सभी को तत्काल बजाग स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गुस्साए ग्रामीणों ने कार में लगाई आग
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाली कार में आग लगा दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस बल तैनात, जांच जारी
डिंडौरी एसपी आशीष खरे ने बताया कि स्थिति को देखते हुए एसडीओपी और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही कार में आग लगाने की घटना की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags: