दोनों इंजन बंद होने से एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद में हुआ था क्रैश : रिपोर्ट

Update: 2025-07-12 01:06 GMT

अहमदाबाद। अहमदाबाद में 12 जून को हुए एअर इंडिया के विमान हादसे को लेकर भारतीय विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. इसमें पता चला है कि टेकऑफ के कुछ सेकंड ही बाद विमान के दोनों इंजन अचानक अपने-आप बंद हो गए थे, जिससे विमान गिरने की नौबत आ गई.

AAIB की 15 पन्नों की रिपोर्ट के अनुसार, विमान ने सुबह करीब 08:08 बजे 180 नॉट्स की अधिकतम इंडिकेटेड एयरस्पीड (IAS) हासिल की. इसके तुरंत बाद इंजन-1 और इंजन-2 के फ्यूल कट-ऑफ स्विच (जो इंजन को ईंधन भेजते हैं) ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ पोजिशन में चले गए और वो भी सिर्फ 1 सेकंड के अंतराल पर, जिससे इंजनों में ईंधन आना बंद हो गया और दोनों इंजन के N1 व N2 रोटेशन स्पीड तेजी से गिरने लगी.

रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर में एक पायलट को दूसरे से पूछते सुना गया, 'तुमने इंजन क्यों बंद किया?' जवाब में दूसरे पायलट ने कहा, 'मैंने कुछ नहीं किया.' यह बातचीत इस हादसे की रहस्यमय प्रकृति को और गहरा करता है, क्योंकि दोनों पायलटों ने इंजन बंद करने की बात से इनकार किया है. ऐसे में यह एक संभावित तकनीकी खामी हो सकती है. हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी की जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला है जिससे बोइंग 787-8 विमान या उसके इंजन बनाने वाली कंपनी के लिए कोई चेतावनी जारी करनी पड़े.

एयरपोर्ट की सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह सामने आया कि टेकऑफ के तुरंत बाद विमान की Ram Air Turbine (RAT) यानी आपातकालीन पंखा बाहर आ गया. आमतौर पर, RAT तभी बाहर निकलता है जब विमान की बिजली सप्लाई में समस्या आती है. इसका मतलब है कि इंजन बंद होने के कारण विमान की मेन पावर सप्लाई भी प्रभावित हुई थी. रैम एयर टर्बाइन एक छोटा प्रोपेलर जैसा उपकरण होता है जो दोनों इंजन के बंद होने या पावर सप्लाई बंद होने या फिर हाइड्रोलिक विफलता पर स्वचालित रूप से तैनात हो जाता है. यह विमान को ऊंचाई बनाए रखने में मदद करता है. आरएटी आपातकालीन शक्ति उत्पन्न करने के लिए हवा की गति का उपयोग करता है. विमान हादसे पर आई प्रारंभिक जांच को लेकर एअर इंडिया ने आधिकारिक बयान जारी किया है. एक्स पोस्ट में एअर इंडिया ने लिखा, 'एअर इंडिया AI171 दुर्घटना से प्रभावित परिवारों और व्यक्तियों के साथ खड़ी है. हम इस क्षति पर शोक व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में पूर्ण समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम 12 जुलाई 2025 को विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा जारी प्रारंभिक रिपोर्ट को स्वीकार करते हैं. एअर इंडिया सभी हितधारकों, जिनमें नियामक भी शामिल हैं, के साथ मिलकर कार्य कर रही है. हम AAIB और अन्य प्राधिकरणों के साथ पूर्ण सहयोग करना जारी रखेंगे, क्योंकि जांच आगे बढ़ रही है. जांच के सक्रिय स्वरूप को देखते हुए, हम किसी भी विशेष विवरण पर टिप्पणी करने में असमर्थ हैं और इस प्रकार की सभी पूछताछ के लिए AAIB से संपर्क करने की सलाह देते हैं.'

Tags:    

Similar News