चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा। वड़िंग अप्रैल 2022 से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभाल रहे थे।
इस्तीफे के बाद राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस में सामान्य तौर पर इस तरह इस्तीफा देने की परंपरा नहीं है, लेकिन उन्होंने अपना दायित्व समझते हुए यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि जिस नेता ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी, उन्हें अपना इस्तीफा सौंपना उनका फर्ज था। वड़िंग ने यह भी कहा कि उनसे किसी ने सीधे तौर पर इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा और यह फैसला उन्होंने स्वयं लिया है।
वड़िंग ने बताया कि राहुल गांधी के साथ मुलाकात के दौरान पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और कांग्रेस के सामने मौजूद चुनौतियों पर चर्चा हुई। उन्होंने अपने करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल के अनुभव और पंजाब में पार्टी की जमीनी स्थिति के बारे में भी जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी को जब भी उनकी जरूरत होगी, वह अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार रहेंगे।
राजा वड़िंग लुधियाना से कांग्रेस सांसद भी हैं। उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके इस्तीफे के साथ अब पंजाब कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी की ओर से नए अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।