SAGAR सागर। मध्य प्रदेश के सागर शहर में गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। बाथरूम में गई छात्रा की नजर अचानक विशाल अजगर पर पड़ी तो वह घबरा गई। इसकी जानकारी तुरंत हॉस्टल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद स्नेक कैचर को बुलाया गया।
घटना सागर के तिली इलाके स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल की है। जानकारी मिलने पर स्नेक कैचर अकील बाबा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाथरूम का निरीक्षण किया तो अजगर अंदर ही मौजूद था। इसके बाद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
करीब 10 फीट लंबे अजगर को पकड़ने के दौरान विशेष सावधानी बरती गई। कुछ देर की मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के बाहर निकाले जाने के बाद छात्राओं और हॉस्टल स्टाफ ने राहत की सांस ली। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
स्नेक कैचर अकील बाबा के मुताबिक, छात्राएं बाथरूम में गई थीं और इसी दौरान उनकी नजर अजगर पर पड़ी। समय रहते सूचना मिलने के कारण उसे सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया गया। पकड़े गए अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी की गई।
अकील बाबा ने बताया कि तिली क्षेत्र पहाड़ी से लगा हुआ है। आसपास प्राकृतिक इलाका होने के कारण यहां अजगर और अन्य सांप अक्सर दिखाई देते हैं। खासकर बारिश के दौरान सांप सुरक्षित जगह की तलाश करते हुए रिहायशी इलाकों और इमारतों तक पहुंच जाते हैं।
उनके मुताबिक, आवास योजना के तहत बनी इन इमारतों में पहले भी कई बार अजगर मिल चुके हैं। वह इस इलाके से अब तक करीब 70 से 75 अजगरों का रेस्क्यू कर चुके हैं। पकड़े गए अजगरों को वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाता है।