Raigarh. रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी की वारदात को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्साइड कंपनी की 6 बैटरियां भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीकांत सिदार (31) निवासी बासनपाली थाना तमनार के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार पुलिस ने चोरी की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की थी। जानकारी के अनुसार 30 सितंबर 2026 को चन्द्रसेन कुर्रे ने तमनार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि इंदिरानगर पेट्रोल पंप के सामने स्थित थर्मल पावर प्लांट तमनार के मोबाइल टावर का सुबह निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान मोबाइल टावर के सेल्टर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर वहां रखी एक्साइड कंपनी की 6 बैटरियां गायब थीं। शिकायत में चोरी हुई बैटरियों की कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई। रिपोर्ट मिलने के बाद तमनार पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करते हुए संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस ने रजनीकांत सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने हेमंत राठिया के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों ने मोबाइल टावर के कमरे का ताला लोहे की रॉड से तोड़ा था। इसके बाद कमरे में रखी 6 बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। चोरी के बाद बैटरियों को छिपाकर रखा गया था। आरोपी से पूछताछ और उसके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस टीम ने चोरी की बैटरियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने इंदिरानगर भट्ठी के सामने अमरैया के झुरमुट में छिपाकर रखी गई एक्साइड कंपनी की सभी 6 बैटरियां बरामद कर लीं। पुलिस के मुताबिक बरामद बैटरियों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए है। बैटरियों को विधिवत जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत अपराध घटित होना पाए जाने पर इसे भी प्रकरण में जोड़ा गया है। आरोपी रजनीकांत सिदार को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में हेमंत राठिया अभी फरार है। तमनार पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने चोरी की शिकायत मिलने के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ चोरी की सभी 6 बैटरियां बरामद कर ली हैं।