Rampur Bushahr. रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई द्वारा विभिन्न प्रदेश एवं स्थानीय छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर शुरू की गई भूख हड़ताल लगातार जारी है। परिषद कार्यकर्ता छात्र संघ चुनाव बहाली समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। एबीवीपी की प्रमुख मांगों में छात्र संघ चुनावों की पुन: बहाली, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को पूर्ण रूप से लागू करना, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र का विस्तार, पुराने स्कूलों को मर्ज एवं बंद करने के सरकारी निर्णय को वापस लेना तथा रामपुर के पुराने बस अड्डे से महाविद्यालय परिसर तक पगडंडी मार्ग का निर्माण शामिल है। इकाई उपाध्यक्ष युवराज ने बताया कि पिछले 48 घंटों से परिषद के कार्यकर्ता क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही मांगों को लेकर कोई जवाब दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक परिषद की मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।