Gohar. गोहर। शिक्षा के क्षेत्र में पहचान बना चुके अभिलाषी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने गुरुवार को अपने 25 गौरवशाली वर्षों के सफर पर रजत जयंती का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप के चेयरमैन डा. आरके अभिलाषी, मैनेजिंग डायरेक्टर डा. एल.के. अभिलाषी और संत निरंकारी मंडल के केंद्रीय ज्ञान प्रचारक हाकम चंद द्वारा गुप के विभिन्न संस्थानों की झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से हुई। भव्य झांकी यात्रा में सभी विभागों के डीन्स, डायरेक्टर्स, फैकल्टी और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि महात्मा हाकम चंद की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ। प्रबंध निदेशक डा. एलके अभिलाषी ने कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा गुरु की कृपा और पिता टीआर अभिलाषी के सपनों का परिणाम है। चेयरमैन डॉ. आरके अभिलाषी ने शिक्षा को विश्व कल्याण का साधन बताया और बताया कि संस्थान में देश के 18 से अधिक राज्यों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं। भविष्य की योजनाओं में टी.आर. अभिलाषी फाउंडेशन की स्थापना और एक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल की शुरुआत शामिल है। इस अवसर पर राजेंद्र कुमार, अनिल वर्मा, राहुल वर्मा और एस.के. गुलेरिया जैसे प्रतिभावानों को संस्थान की ओर से सम्मानित किया गया।