अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी की विधायक के कथित पर्सनल असिस्टेंट (PA) पर एक दुकानदार से मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है। अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक जीवनजोत कौर के कथित पीए मनिंदर सिंह और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि बाजार में सामान खरीदने पहुंचे दुकानदार को आरोपियों ने घेरकर पीटा और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया।
सामान खरीदने बाजार गया था दुकानदार
जानकारी के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की है। पीड़ित अश्वनी कुमार (43) पखरपुरा गांव का रहने वाला है और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाता है। वह अमृतसर के रामबाग चर्च के सामने स्थित बाजार में सामान खरीदने गया था। शिकायत के अनुसार, बाजार में उसकी मुलाकात सुच्चा सिंह, उसके बेटे राणा, हरप्रीत सिंह, मनिंदर सिंह और एक अन्य रिश्तेदार से हुई। आरोप है कि इन लोगों ने दुकानदार को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी।
दुकानदार को पकड़कर किया हमला
पीड़ित ने आरोप लगाया कि राणा ने अपने साथियों से उसे पकड़ने के लिए कहा। इसके बाद राणा और सुच्चा सिंह ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि अन्य आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस दौरान उसके पेट में दो बार किरच जैसे धारदार हथियार से वार किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दुकानदार को तत्काल गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया।
Tags: