सांकेतिक तस्वीर

देहरादून: देहरादून में एक महिला जज ने रैपिडो चालक पर बदसलूकी, धमकी देने और सुनसान गली में ले जाने का आरोप लगाया है. शिकायत में महिला जज ने कहा कि उन्होंने घर से मालदेवता के पास जाने के लिए रैपिडो राइड बुक की थी, लेकिन रास्ते में कैब चालक ने तय किराये से दोगुने पैसे मांगे. महिला जज ने जब ज्यादा पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि चालक उन्हें एक अंधेरी और सुनसान गली में ले गया, जो आगे से बंद थी. महिला को स्थिति संदिग्ध लगी, तो उन्होंने अपने परिचित को कॉल किया. शिकायत में धमकी देने और राइड कैंसिल करने का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया है.
शिकायत के मुताबिक, 21 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजकर 11 मिनट पर महिला जज ने देहरादून की जजेज कॉलोनी बलबीर रोड से सौड़ा सरोली मालदेवता के पास जाने के लिए रैपिडो राइड बुक की थी. महिला जज का आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद चालक ने किराये को लेकर विवाद शुरू कर दिया. कैब चालक ने कहा कि उन्हें करीब नौ किलोमीटर दूर जाना है, इसलिए डबल किराया देना होगा. महिला जज ने इसका विरोध किया.
उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐप के जरिए राइड बुक की है और वह उसी के हिसाब से तय किराया देंगी. महिला जज का आरोप है कि किराये को लेकर विवाद के बाद कैब चालक उन्हें मुख्य सड़क की ओर ले जाने के बजाय एक अंधेरी और सुनसान गली में ले गया. वह गली आगे से बंद थी. जज को स्थिति ठीक नहीं लगी. उन्होंने तुरंत अपने परिचित को कॉल किया और घटना की जानकारी दी.
शिकायत में आरोप है कि चालक ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि वह उन्हें सबक सिखाएगा और पुलिस में उसकी अच्छी जान-पहचान है. महिला जज ने रैपिडो ऐप पर भी ड्राइव के व्यवहार और डबल किराया मांगने को लेकर शिकायत की. आरोप है कि ड्राइवर उन पर राइड कैंसिल करने का दबाव बना रहा था. जब उसे पता चला कि गली आगे से बंद है, तो वह वापस जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर आ गया. इसके बाद उसने राइड कैंसिल कर दी. कैब जब जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर पहुंची, तो वहां तैनात गार्ड थपलियाल ने ड्राइवर से सवाल किए.
इस दौरान ड्राइवर ने गार्ड को भी धमकी दी. धीरे-धीरे वहां आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. लोगों ने ड्राइवर से पूछा कि वह अंधेरी गली में क्यों ले गया था. इस पर ड्राइवर ने कहा कि पैसेंजर को रास्ता बताना चाहिए था. इसके बाद करीब आधे घंटे तक हंगामा होता रहा. फिर महिला जज के परिचित की सूचना पर डालनवाला थाने से पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ड्राइवर को अपने साथ थाने ले गई. इसके बाद महिला जज ने केस दर्ज कराया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
इस घटना से पब्लिक ट्रांसपोर्ट में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐप आधारित राइड सेवाओं ने शहरों में यात्रा को आसान बनाया है. लेकिन इन सेवाओं पर भरोसा तभी कायम रह सकता है, जब यात्री को तय किराये, निर्धारित रास्ते और ड्राइवर के व्यवहार को लेकर सुरक्षा का एहसास हो. फिलहाल, डालनवाला थाने में FIR दर्ज है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Tags: