Rajasthan: राजस्थान: झालावाड़ जिले के रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति की हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर में कथित तौर पर खुद को आग लगाने के बाद मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। मृतक की पहचान झालावाड़ निवासी रामदास के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामदास शाम करीब 7 बजे ज्वालामुखी मंदिर के गर्भगृह के बाहर पहुंचा और कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की लपटें उठने के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इस घटना में रामदास का शरीर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उसे पहले ज्वालामुखी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
देहरा के एसपी संदीप धवल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मंदिर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रामदास ने ऐसा कदम क्यों उठाया। घटना के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
एंबुलेंस में बताई पहचान
108 एंबुलेंस कर्मचारियों के अनुसार, रामदास हादसे के बाद कुछ समय तक होश में था। उसने रास्ते में अपनी पहचान और कुछ जानकारी दी। कर्मचारियों ने बताया कि बोलने में परेशानी होने के बावजूद वह अपना नाम और अन्य बातें बताने की कोशिश कर रहा था। रामदास ने एंबुलेंस कर्मियों को बताया था कि वह अकेले पूजा करने के लिए मंदिर आया था।
15 महीने पहले घर से चला गया था
परिवार के अनुसार, रामदास करीब 15 महीने पहले एक विवाद के बाद घर से चला गया था। इसके बाद परिजनों ने कई जगह उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश भी सफल नहीं हो पाई थी। रामदास के पिता गजानंद का निधन करीब 10 साल पहले हो चुका है। परिवार के मुताबिक, वह पहले कबाड़ का कारोबार करता था और बाद में झालावाड़ में जेल रोड पर कपड़ों की दुकान चलाने लगा था। रामदास की शादी झालावाड़ नगर परिषद में सफाई कर्मचारी सलोनी से हुई थी। दंपति का एक 12 वर्षीय बेटा रुद्र है। वहीं, उनकी बेटी की पहले ही मौत हो चुकी थी।
परिवार को दी गई सूचना
कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात घटना की जानकारी रामदास के परिवार को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags: