एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर खड़ी बस में लगी आग, मचा हड़कंप

यह आग एयर इंडिया की एक बस में दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास लगी.

Update: 2025-10-28 09:56 GMT
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 पर मंगलवार दोपहर एक बस में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आग एयर इंडिया की एक बस में दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास लगी।
घटना की सूचना मिलते ही आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस, दमकल विभाग, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और स्थिति पर नियंत्रण पाया। राहत की बात यह रही कि बस में उस समय कोई यात्री या सामान मौजूद नहीं था। बस में केवल चालक मौजूद था, जो सुरक्षित बाहर निकल गया।
दमकल विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने के बाद टर्मिनल के आसपास थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन एयरपोर्ट संचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। एयर इंडिया और एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
दिल्ली एयरपोर्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इस घटना को लेकर बयान जारी किया गया। बयान में कहा गया कि एक आकस्मिक घटना में एक ग्राउंड हैंडलर द्वारा संचालित बस में आज दोपहर आग लग गई। हमारी विशेषज्ञ एआरएफएफ (विमान बचाव और अग्निशमन) टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी। उस समय बस पूरी तरह से खाली थी और कोई हताहत नहीं हुआ।
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि घटना के बाद सभी उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी हैं और यात्रियों को चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में बताया जा रहा है कि बस में शॉर्ट सर्किट या किसी खराबी के कारण आग लगी है। हालांकि, असल कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।
Tags:    

Similar News

null