₹10 की चाय...और खौफनाक अंत! सिर्फ चंद रुपयों के लिए दुकानदार ने कर दिया ग्राहक का मर्डर

जानें पूरा मामला.

Update: 2026-07-13 03:22 GMT
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां महज 10 रुपये की चाय के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना रविवार दोपहर कपिल नगर पुलिस थाना क्षेत्र स्थित सहारे पेट्रोल पंप के पास हुई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनोज विश्वनाथ यादव के रूप में हुई है. वह डेकोरेशन का सामान ढोने वाला वाहन चालक था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मनोज और आरोपी कैलाश गणवीर के बीच चाय के 10 रुपये के भुगतान को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चाकू निकालकर मनोज के गले पर वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल मनोज की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि आरोपी कैलाश गणवीर पान की दुकान चलाता है और वहीं पर चाय भी बेचता था. रविवार दोपहर करीब चार बजे दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया. घटना की सूचना मिलते ही कपिल नगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. वहीं, आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया.
फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. अधिकारी यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के पीछे केवल 10 रुपये का विवाद था या कोई पुरानी रंजिश भी वजह बनी. इस वारदात ने एक बार फिर मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंता बढ़ा दी है.
Tags:    

Similar News