संजौली में 24 घंटे जलापूर्ति योजना का होगा काम

Update: 2026-02-27 10:42 GMT
शिमला। शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड की महत्वाकांक्षी 24 घंटे जलापूर्ति योजना के अंतर्गत संजौली क्षेत्र में लक्ष्मी नारायण मंदिर से सटे संपर्क मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शनिवार से प्रारंभ किया जाएगा। यह कार्य सुएज कंपनी द्वारा किया जाएगा और आगामी दो सप्ताह तक जारी रहेगा। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय निवासियों को जागरूक करने तथा सहयोग सुनिश्चित करने के लिए गैर-सरकारी संगठन की टीमें क्षेत्र में घर-घर जाकर सूचना दे रही हैं। निगम का कहना है कि यह परियोजना शहर में निरंतर और व्यवस्थित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्य अवधि के दौरान दिन के समय वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
हालांकि, प्रत्येक दिन शाम को कार्य समाप्त होने के बाद मार्ग को पुन: यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। निगम और संजौली वार्ड की पार्षद ममता चंदेल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण जनहित परियोजना में सहयोग दें। यह पाइपलाइन नेटवर्क शिमला शहर में बहुप्रतीक्षित 24 घंटे जलापूर्ति व्यवस्था के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार करेगा और जल वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
Tags:    

Similar News