Nerchowk. नेरचौक। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में रोबोटिक तकनीक ने तहलका मचा दिया है। श्रीलाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, नेरचौक में शुरू हुई अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा ने पांच महीने के भीतर ही करीब सौ सफल रोबोटिक सर्जरी पूर्ण कर ली हैं। बीते छह मार्च को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 28.44 करोड़ रुपए की लागत से बनी रोबोटिक सर्जरी यूनिट का उद्घाटन किया। सीएम सुक्खू ने स्वयं ओटी में जाकर पहले रोबोटिक ऑपरेशनों को अपनी आंखों से देखा था।
ऐसे में अब नेरचौक राज्य का तीसरा सरकारी अस्पताल बन गया है जहां रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है। रोबोटिक सर्जरी में न्यूनतम चीर-फाड़, कम खून बहना, तेज रिकवरी और कम दिनों में अस्पताल से छुट्टी हो रही है। सीएम के सामने ही तीन सर्जरी की गई हैं। इनमें एक हर्निया और दो गॉल ब्लैडर की हैं। शिमला के चमियाणा और टांडा में भी रोबोटिक सर्जरी की जा रही है। मंडी के ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अब दिल्ली, चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं। जटिल ऑपरेशन भी सटीकता के साथ यहां हो रहे हैं। इससे मरीजों का समय, पैसा और परेशानी तीनों बच रहे हैं।