सीएम ममता बनर्जी से मिले सुब्रमण्यम स्वामी, बताया-'साहसी और करिश्माई व्यक्ति'
West Bengal: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने गुरूवार को कोलकाता राज्य सचिवालय में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से करीब आधे घंटे तक मुलाकात की. उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.
सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर कहा कि आज मैं कोलकाता में था और करिश्माई नेता ममता बनर्जी से मिला. वह एक साहसी व्यक्ति हैं. मैंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के खिलाफ उनकी लड़ाई की प्रशंसा की, जिसमें उन्होंने कम्युनिस्टों का सफाया कर दिया था.
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो बनर्जी के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की. उनकी मुलाकात के बाद उनकी राजनीतिक चाल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं.
इससे पहले ममता ने सुब्रमण्यम स्वामी से दिल्ली में मुलाकात की थी. इस मुलाकात पर भी टिप्पणी करते हुए तब स्वामी ने कहा था कि उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति के बारे में चर्चा की. तब उन्होंने टीएमसी (TMC) ज्वाईन करने के सवाल पर कहा था कि मुझे पार्टी में शामिल होने की जरूरत नहीं है.