मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तेज किया काम
झाड़ग्राम में सीएम के संभावित दौरे को लेकर विभागों ने कसी कमर
झाड़ग्राम: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी स्थित साहाड़ी में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में बुधवार शाम झाड़ग्राम की जिलाधिकारी आकांक्षा भास्कर और पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने साहाड़ी मैदान में प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान बिनपुर के विधायक प्रणत टुडू सहित प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी उपस्थित रहे। गुरुवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों के अन्य स्थानों का दौरा करने की संभावना है। इस दौरान मुख्य रूप से पार्किंग की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और यातायात नियंत्रण से संबंधित पहलुओं का जायजा लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभा मंच के निर्माण, हेलीपैड, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और अति विशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन के मार्गों का जायजा लिया। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की तैयारी की जा रही है। बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जाता है। इस अवसर पर साहाड़ी में प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।