कॉलेज छात्रों को मिलेगा करियर बनाने का मौका, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर जागरूकता कार्यक्रम
बंगाल के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल, PM इंटर्नशिप योजना पर मंथन
हुगली: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसरों और व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चुंचुड़ा स्थित हुगली मोहसिन कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को योजना के लाभ, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी गई।
भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की पहल पर हुगली गवर्नमेंट आईटीआई के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में चुंचुड़ा के विधायक सुबीर नाग शामिल हुए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवक-युवतियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से उपलब्ध प्रशिक्षण के अवसरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने करियर के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर विधायक सुबीर नाग ने कहा कि युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि वास्तविक कार्यक्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने से युवाओं को अपनी क्षमताएं निखारने और भविष्य में रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनके माध्यम से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और कौशल विकास भी आवश्यक है। कुशल युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
हुगली मोहसिन कॉलेज में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बंगाल के युवक-युवतियों को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और रोजगारपरक प्रशिक्षण के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।