बंगाल बजट में बड़ा ऐलान: चार नए एयरपोर्ट बनाने की योजना

Update: 2026-06-22 11:52 GMT

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बजट में राज्य सरकार ने हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए बड़ी घोषणा की है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बजट भाषण में कहा कि राज्य में चार नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे और मौजूदा हवाई ढांचे का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही सड़कों, पुलों और बंदरगाहों के विकास के लिए भी कई योजनाओं को मंजूरी दी गई है।

अभी तक राज्य में केवल कोलकाता और बागडोगरा एयरपोर्ट से ही हवाई सेवाएं मिलती हैं। लेकिन अब सरकार ने इन सुविधाओं को और विस्तार देने का फैसला किया है ताकि दूरदराज के इलाकों को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा सके। वित्त मंत्री ने कहा कि यह कदम क्षेत्रीय पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है।

बजट के अनुसार मालदा, पुरुलिया और बलूरघाट में नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा कूच बिहार एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। वहीं कोलकाता एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए कल्याणी में एक नया एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है।

सरकार ने कल्याणी में एयरपोर्ट निर्माण के लिए 10,000 से 15,000 एकड़ भूमि चिन्हित करने की बात कही है। इन सभी परियोजनाओं को केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत आगे बढ़ाया जाएगा।

वित्त मंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए शुरुआती चरण में बजट आवंटन भी किया गया है, ताकि काम जल्द शुरू किया जा सके। इन एयरपोर्ट्स के बनने से राज्य में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

Tags:    

Similar News