जलपाईगुड़ी: पति की मौत के दो महीने बाद विवाहिता का फंदे से लटकता शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का नाम अंजली रॉय (46) था। बुधवार सुबह यह घटना फुलबाड़ी नंबर-2 के पुटिमारी डांगापाड़ा की है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब दो महीने पहले हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से अंजली रॉय के पति की मौत हो गई थी। तभी से वह मानसिक अवसाद में थी। बुधवार सुबह काफी देर तक उनके कमरे से बाहर न आने पर परिवार के सदस्यों को संदेह हुआ। इसके बाद उनके बेटे और पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई पाई गई।

सूचना पाकर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। परिवार में पति-पत्नी का एक बेटा और एक बेटी थी। कुछ साल पहले उनकी बेटी की भी मौत हो चुकी है। अब मां के भी दुनिया से चले जाने के बाद परिवार का इकलौता बेटा असहाय हो गया है।

Tags: