Bengal Re-polling: पश्चिम बंगाल में दोबारा मतदान (री-पोलिंग) के दौरान शनिवार को दोपहर 3 बजे तक 72.43% मतदान दर्ज किया गया। यह री-पोलिंग दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगरहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के कुल 15 बूथों पर कराई जा रही है। चुनाव आयोग ने राज्य चुनाव तंत्र की रिपोर्ट और भारतीय जनता पार्टी की शिकायतों के आधार पर यह फैसला लिया था। बीजेपी ने आरोप लगाया था कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान कुछ बूथों पर ईवीएम से छेड़छाड़ और बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं हुई थीं। जांच के बाद आयोग ने मगरहाट पश्चिम के 11 और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया।

डायमंड हार्बर सीट को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए यहां की वोटिंग पर सभी दलों की नजर बनी हुई है। इस बीच वोटों की गिनती को लेकर भी विवाद जारी है, जिस पर टीएमसी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। पार्टी ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें काउंटिंग के दौरान केवल केंद्रीय बलों और सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों को सुपरवाइजर बनाने का निर्देश दिया गया था। बीजेपी और टीएमसी के बीच बयानबाजी से राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ा हुआ है।

Tags: