Uttarakhand उत्तराखंड: हाईवे पर रानीपुर झाल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक कार में फंसकर कुछ दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। यह हादसा गुरुवार शाम रानीपुर झाल के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में 23 वर्षीय सौरभ धीमान निवासी दौलतपुर थाना बहादराबाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साला आदित्य पुत्र सोनू धीमान गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों हरिद्वार से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।