Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल से सनसनीखेज खबर सामने आई है। देवप्रयाग थाना क्षेत्र में एक युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर को बिदाकोट गाँव निवासी सतेश्वरी देवी ने देवप्रयाग थाने में तहरीर देकर बताया कि 24 अक्टूबर की रात उनका बेटा अंकित चौहान अपनी कार से देहरादून से घर लौट रहा था। मेहड़ गाँव निवासी ट्रक चालक देवेंद्र लाल, उसके साथी बिमल किशोर और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने कार रोककर अंकित चौहान के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया।
घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के आदेश पर देवप्रयाग थाना पुलिस ने सोमवार को आरोपी ट्रक चालक देवेंद्र लाल पुत्र गुंदर निवासी ग्राम मेहड़, थाना देवप्रयाग को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोहे की रॉड भी बरामद की है।