Uttarakhand: मॉक ड्रिल की तैयारियां पूरी, आज शाम 4 बजे बजेगा हवाई हमले का सायरन

Update: 2025-05-07 05:03 GMT
उत्तराखंड: प्रशासन और सिविल डिफेंस ने आज बुधवार को होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शाम चार बजे से एयर रेड सायरन बजने के साथ मॉक ड्रिल शुरू हो जाएगी। इसके लिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक शहर के पांच इलाकों में इस तरह का अभ्यास करेंगे। मॉक ड्रिल को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस के साथ बैठक हुई। इस दौरान सभी तैयारियों पर चर्चा की गई। इससे पहले शहर के आराघर चौकी, धारा चौकी, एनआईईपीवीडी, कलेक्ट्रेट और लक्खीबाग पुलिस चौकी पर लगे एयर रेड सायरन चेक किए गए। सभी जगह एयर रेड सायरन ठीक हालत में पाए गए।
शाम चार बजे मॉक ड्रिल शुरू की जाएगी। इसके लिए बड़े आवासीय भवनों, सरकारी भवनों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। इस अभ्यास में अगर कोई चुनौती या खामी पाई जाती है तो उसे दूर किया जाएगा। इसके लिए रिस्पॉन्स टाइम का सबसे ज्यादा परीक्षण किया जाएगा। मसलन, सायरन बजने के कितने समय बाद सिविल डिफेंस ने मोर्चा संभाला।
लोगों को खतरों से भी आगाह किया जाएगा
मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को भविष्य में होने वाले खतरों से भी आगाह किया जाएगा। हवाई हमले के दौरान लोग किस तरह अपनी जान बचा सकते हैं, यह सारी जानकारी इस मॉक ड्रिल में दी जाएगी। साथ ही लोगों को इस बात के लिए जागरूक किया जाएगा कि ब्लैकआउट की स्थिति में उन्हें कौन सी चीजें अपने पास रखनी चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए। इसको लेकर स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मॉक ड्रिल के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी देहरादून ने सिविल डिफेंस के वार्डन के साथ बैठक कर सभी तैयारियों का जायजा लिया। सभी एयर रेड सायरन सही हालत में पाए गए हैं। बुधवार शाम चार बजे से मॉक ड्रिल शुरू की जाएगी। -पीवीके प्रसाद, डीजी, सिविल डिफेंस
Tags:    

Similar News