देहरादून: वीकेंड के दौरान पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही और संभावित यातायात दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस ने दो से चार अक्टूबर तक देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश क्षेत्र के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यातायात का दबाव बढ़ने पर परिस्थितियों के अनुसार प्लान-ए, प्लान-बी और प्लान-सी लागू किए जाएंगे। प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए डाटकाली-आईएसबीटी-शिमला बाईपास-सेंट ज्यूड चौक-बल्लूपुर-कैंट-किमाड़ी-कुठालगेट होते हुए मसूरी का रूट निर्धारित किया गया है। यातायात का दबाव बढ़ने पर किमाड़ी-हाथीपांव मार्ग समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

चकराता जाने वाले वाहनों को डाटकाली-आईएसबीटी-जीएमएस रोड-सेंट ज्यूड चौक-नयागांव-सिंघनीवाला-न्यू देहरादून-पांवटा फ्लाईओवर-लांघा रोड के रास्ते भेजा जाएगा।

ऋषिकेश और हरिद्वार से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए थानो रोड-महाराणा प्रताप तिराहा-लाडपुर-सहस्त्रधारा क्रासिंग-आईटी पार्क-किरशाली चौक-साईं मंदिर-कुठालगेट होते हुए मसूरी का रूट तय किया गया है। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में डोईवाला-मियावाला-नत्थूवाला अथवा नेपाली फार्म-भानियावाला-थानो रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।

मसूरी में पार्किंग क्षमता 90 प्रतिशत तक भरने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा। इसके तहत पर्यटक वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा और वहां से स्थानीय टैक्सियों के माध्यम से पर्यटकों को उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। किंग क्रेग पार्किंग के भी भर जाने पर प्लान-सी लागू होगा। इसमें गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड होते हुए वाहनों को जीरो प्वाइंट की ओर भेजा जाएगा और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कराए जाएंगे।

ऋषिकेश में भी यातायात दबाव के आधार पर अलग-अलग प्लान लागू किए जाएंगे। हरिद्वार से आने वाले वाहनों को रायवाला-नेपाली फार्म-श्यामपुर-नटराज चौक-ढालवाला-भद्रकाली बाईपास होते हुए तपोवन और आगे भेजा जाएगा। यातायात अधिक बढ़ने पर लालतप्पड़-भानियावाला-रानीपोखरी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से वापस आने वाले वाहनों के लिए भी हरिद्वार और देहरादून की दिशा में अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

देहरादून शहर में पेसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी क्षेत्र में यातायात दबाव बढ़ने पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस, पुलिस और दमकल जैसी अति-आवश्यक सेवाओं के वाहनों को रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन के माध्यम से वाहन हटाने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से अनावश्यक हॉर्न न बजाने, यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और मार्गों पर लगाए गए सूचना बोर्डों के अनुसार ही आवागमन करने की अपील की है।

Tags: