उत्तराखंड न्यूज: आधा घंटे तक तड़पती रही गर्भवती, गणपति विसर्जन के चलते जाम में फंसी एंबुलेंस

उत्तराखंड न्यूज

Update: 2022-09-07 11:10 GMT
हल्द्वानी: मंगलवार को नैनीताल रोड पर सुबह से शाम तक गणपति विसर्जन करने वालों का तांता लगा रहा। जिस वजह से राहगीरों को जाम से तो जूझना ही पड़ा, साथ ही गर्भवती को अस्पताल लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी इस जाम की चपेट में आ गई। करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस जाम में फंसी रही। न जुलूस वालों को एंबुलेंस का सायरन सुनाई दे रहा था और न ही पुलिस को। महिला प्रसव पीड़ा से तड़पती रही। वहीं, इसकी सूचना मिलते ही पुलिस में खलबली मच गई।
बता दें, मंगलवार को शहर में गणेश महोत्सव के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश विसर्जन का जुलूस निकाल रहे थे। गाजे बाजे के साथ लोग वाहनों में गणपत्ति बप्पा को विसर्जन के लिए रानीबाग लेकर जा रहे थे। जिसके चलते नैनीताल रोड में रोडवेज के पास सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। शहर भर की सिविल और ट्रैफिक पुलिस जाम की परेशानी से निजात पाने के लिए जुटी रही। इसके बाद भी शहर की सड़कों पर भारी जाम लगा रहा। आलम ये था कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पदमपुरी निवासी गर्भवती बबीता को लेकर अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी कोतवाली के पास जाम में फंस गई और करीब आधा घंटे तक फंसी रही। काफी देर बाद कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने एंबुलेंस के सायरन की आवाजी सुनीं और वह टीम के साथ एंबुलेंस के पास पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने वाहनों और लोगों को हटाकर एंबुलेंस को जैसे-तैसे जाम से निकालकर रवाना किया। वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी का कहना है कि गर्भवती को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। बताया कि जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।



Tags:    

Similar News