Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड में बारिश से नुकसान का सिलसिला जारी है। शुक्रवार आधी रात के बाद चमोली ज़िले के थराली कस्बे में बादल फटने से एसडीएम आवास और तहसील परिसर के साथ ही कई घरों में मलबा घुस गया है। मलबे में एक युवती के दबे होने की जानकारी मिली है।
जानकारी के अनुसार, तहसील मुख्यालय, थराली बाज़ार, राड़ीबगड़, केदारबगड़ और चेपड़ों में भारी नुकसान हुआ है। पुलिस प्रशासन की टीम बचाव और राहत कार्यों में जुटी हुई है। मलबे में दबने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बादल फटने के कारण ज़िला प्रशासन ने थराली तहसील के 12वीं तक के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
ज़िला आपदा नियंत्रण कक्ष के अनुसार, रात करीब 1 बजे थराली कस्बे में भारी बारिश हुई और बादल फट गया। इससे तेज़ बहाव के साथ पानी आया और रिहायशी इलाके में स्थित कई घरों में मलबा घुस गया। सड़कें तालाब बन गई हैं। एसडीएम थराली का आवास और तहसील परिसर भी मलबे से भर गया है।
तहसील परिसर में खड़े कुछ वाहन मलबे में फंस गए हैं। सागवाड़ा गांव में एक युवती के फंसने की जानकारी मिली है। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मची हुई है। लोग चीखते-चिल्लाते घरों से बाहर निकल आए हैं। ब्लॉक प्रमुख थराली प्रवीण पुरोहित ने बताया कि तीन जगहों पर बादल फटे हैं। नगर पंचायत थराली की अध्यक्ष सुनीता रावत के आवास के पास 10 से 12 फीट तक मलबा भर गया है।
एसडीएम आवास की दीवार भी टूट गई है। थराली बाजार से 20 से 40 मीटर पहले कई दुकानें बह गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैद है। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।