Uttarakhand: पहाड़ों पर भारी बारिश से मैदानी इलाकों में बढ़ा गंगा का जलस्तर
Uttarakhand उत्तराखंड: पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए गंगा नदी राफ्टिंग प्रबंधन समिति के सचिव जसपाल चौहान ने मंगलवार से अगले आदेश तक राफ्टिंग के संचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण जुलाई और अगस्त महीने में दो महीने राफ्टिंग का संचालन बंद रहता है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण पर्यटन विभाग ने कौड़ियाला, मरीन ड्राइव, शिवपुरी और क्लब हाउस से राफ्टिंग का संचालन पहले ही बंद कर दिया था। पर्यटन विभाग की ओर से सिर्फ ब्रह्मपुरी से ही राफ्टिंग का संचालन किया जा रहा था। मंगलवार को पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने उस प्वाइंट को भी बंद कर दिया है।
पहाड़ों में हो रही भारी बारिश के कारण मैदानी इलाकों में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती, तपोवन, त्रिवेणीघाट आदि स्थानों पर गंगा नदी घाटों व तटों को छूती हुई बह रही है। जल पुलिस व आपदा प्रबंधन टीम नजर बनाए हुए है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार मंगलवार दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर 338.00 मीटर रिकार्ड किया गया। जो चेतावनी रेखा से 1.50 मीटर नीचे बह रही थी। इन दिनों गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार 24 जून से अग्रिम आदेशों तक गंगा में राफ्टिंग संचालन बंद कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले राफ्टिंग व्यवसायियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।