Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के मसूरी में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां एक टूरिस्ट कार खाई में गिर गई। इस घटना के दौरान कार में चार लोग सवार थे। बताया गया है कि हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मसूरी स्थित गुरुराम राय पब्लिक स्कूल के पास हुआ है। यहां एक टूरिस्ट वाहन खाई में गिर गया है। हादसे में ड्राइवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने तुरंत अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि टूरिस्ट कार लाल टिब्बा से भट्टा फाल की ओर जा रही थी। सड़क पर चल रही कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया। जानवर को बचाने के प्रयास में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में घायल ड्राइवर की पहचान प्रशांत सकलानी (35) पुत्र चंद्र मोहन सकलानी निवासी प्रेम नगर देहरादून के रूप में हुई है। जबकि अन्य तीन लोग जय देसाई (45), पत्नी झरना देसाई (44), बेटी (9) त्रिशा देसाई महाराष्ट्र निवासी घायल हो गए हैं।