शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, युवक गिरफ्तार
रुड़की में दुष्कर्म के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, बस अड्डे से गिरफ्तारी
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रुड़की बस अड्डे से पकड़ा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रुड़की कोतवाली क्षेत्र के आकाशदीप निवासी एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने आरोप लगाया कि शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई।
एसएसपी के निर्देश पर रुड़की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की। टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रुड़की बस अड्डे पर कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।