देहरादून: भारतीय वन सेवा (IFS) संघ के उत्तराखंड चैप्टर को नई कार्यकारिणी मिल गई है। शनिवार को देहरादून में आयोजित आम सभा की बैठक में सुरेंद्र मेहरा को अध्यक्ष और धर्म सिंह मीणा को महासचिव चुना गया। बैठक में वन संरक्षण, जैव विविधता और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों पर भी चर्चा हुई।

नई कार्यकारिणी में तेजस्विनी पाटिल और धीरज पांडेय को उपाध्यक्ष, बीजू लाल को सांस्कृतिक सचिव तथा नीतू लक्ष्मी और चंद्रशेखर जोशी को संयुक्त सचिव चुना गया। स्वप्निल कोषाध्यक्ष और अमित कुमार व दिगंत खेल सचिव बने।

बैठक में उत्तराखंड के सतत विकास और मिशन 2047 के लक्ष्यों में वन विभाग की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया।

इसके अलावा इको-टूरिज्म, वन आधारित रोजगार, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और जैव विविधता संरक्षण के माध्यम से ग्रामीण आजीविका बढ़ाने पर चर्चा हुई।

बैठक में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग, पदोन्नति, रिक्त पदों और अधिकारियों की सेवा संबंधी समस्याओं पर भी विचार किया गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वन अधिकारियों के हितों की रक्षा और वन सेवा को मजबूत बनाने के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

Tags: