Uttarakhand उत्तराखंड: उत्तराखंड के देहरादून में रविवार को एक घर में रसोई गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। जिससे तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पटेल नगर इलाके में महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे स्थित एक घर में सुबह करीब 6:45 बजे हुई। उन्होंने बताया कि एक कमरे वाले इस छोटे से घर में चूल्हा और रसोई गैस सिलेंडर रखा हुआ था और रात में खिड़कियां और दरवाजे पूरी तरह से बंद थे।
पुलिस ने बताया कि सिलेंडर रात से ही धीरे-धीरे लीक होता रहा और सुबह बिजली के स्विच से हल्की चिंगारी निकलने पर कमरे में आग लग गई। जिससे सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि घटना में परिवार के सभी सदस्य झुलस गए और विस्फोट से दीवार और दरवाजे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान विजय साहू (38), उनकी पत्नी सुनीता (35) और उनके बच्चों अमर (11), अनामिका (आठ) और सनी (आठ) के रूप में हुई है।